निर्धारित सीट से अधिक नामांकन बना संकट, छात्रहित सर्वोपरि मंच ने दी आंदोलन की चेतावनी
PALAMU
प्रखंड पांकी अंतर्गत डंडार कला स्थित एमके इंटर कॉलेज में 11वीं कक्षा के 395 छात्र-छात्राओं का एडमिट कार्ड जारी नहीं होने का मामला सामने आया है। इस मुद्दे को लेकर छात्रहित सर्वोपरि मंच के पलामू जिला अध्यक्ष दीपू कुमार सिंह एवं प्रतिनिधि शिवदत्त कुमार ने कॉलेज पहुंचकर प्रबंधन और विद्यार्थियों से चर्चा की।
जानकारी के अनुसार, निर्धारित सीट से अधिक नामांकन लिए जाने के कारण झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) ने केवल स्वीकृत सीट के अनुरूप ही प्रवेश पत्र जारी किया। परिणामस्वरूप 395 विद्यार्थियों का एडमिट कार्ड जारी नहीं हो सका, जिससे उनके शैक्षणिक भविष्य पर संकट गहरा गया है।
विद्यालय प्रबंधन ने लिखित आश्वासन दिया है कि सत्र 2025-27 की ग्यारहवीं परीक्षा-2026 से वंचित छात्रों के लिए एक माह के भीतर विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस संबंध में 18 फरवरी 2026 को झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची में परीक्षा समिति की बैठक अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई, जिसमें विशेष परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया।
विद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा में विशेष परीक्षा आयोजित नहीं होती है, तो इसकी नैतिक जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी। प्राचार्य सहित सभी कर्मचारी संयुक्त रूप से इस्तीफा देने को बाध्य होंगे।
छात्रहित सर्वोपरि मंच ने परिषद से विशेष परीक्षा की तिथि, परीक्षा केंद्र और आवश्यक दिशा-निर्देश शीघ्र जारी करने की मांग की है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार राणा, प्रदेश उपाध्यक्ष आमिर हमजा, प्रदेश संगठन प्रभारी कुणाल पोद्दार और प्रदेश सचिव रईस अंसारी ने चेतावनी दी है कि तय समय में तिथि घोषित नहीं होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने दोहराया कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा।
