RAMGARH
रामगढ़ जिले के चाहा स्थित दयाल स्टील फैक्ट्री में हुई बड़ी डकैती की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में शामिल 7 अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, 1 लाख 3 हजार रुपये नकद, वाहन, मोबाइल फोन और करीब 250 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 12 जनवरी 2026 की रात करीब 1:30 बजे 10–12 अज्ञात अपराधियों ने फैक्ट्री की चाहरदीवारी तोड़कर अंदर घुसकर सुरक्षा गार्ड और कर्मचारियों को पिस्टल का भय दिखाया था। इसके बाद करीब 2000 से 2200 किलोग्राम कॉपर वायर और अन्य सामान चारपहिया वाहन में लोड कर फरार हो गए थे। इस संबंध में रामगढ़ थाना कांड संख्या 11/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर अपराधियों की पहचान कर लगातार छापेमारी की जा रही थी।
22 जनवरी 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि इस कांड में शामिल अपराधी कुज्जू क्षेत्र में दोबारा लूट की योजना बना रहे हैं। इसके बाद छतरमाण्डु क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर की बोलेरो को रोका गया। भागने की कोशिश कर रहे वाहन को पीछा कर पकड़ा गया और उसमें सवार छह अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से देसी कट्टा, दो जिंदा गोली और 1.03 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में नकदी दयाल स्टील फैक्ट्री से लूटे गए सामान को बेचकर हासिल करने की बात सामने आई। इसके बाद एक अन्य आरोपी की निशानदेही पर हजारीबाग जिले से लूट का सामान भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से टाटा मैजिक वाहन, बोलेरो पिकअप वैन, छह मोबाइल फोन और करीब तीन लाख रुपये मूल्य का कॉपर वायर बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों का पूर्व आपराधिक इतिहास रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।
रामगढ़ पुलिस ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए कहा है कि आगे भी जिले में अपराध के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।
