सूर्योदय से सूर्यास्त तक पूजा, दोपहर 1 से 3 बजे तक नमाज; 8 हजार पुलिसकर्मी तैनात
New Delhi
सुप्रीम कोर्ट ने वसंत पंचमी के अवसर पर मध्य प्रदेश के धार जिले स्थित विवादित भोजशाला परिसर को लेकर अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने हिंदू श्रद्धालुओं को सूर्योदय से सूर्यास्त तक मां वाग्देवी की पूजा की अनुमति दी है, वहीं मुस्लिम समुदाय को दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक शुक्रवार की नमाज अदा करने की इजाजत दी गई है।
शुक्रवार, 23 जनवरी को वसंत पंचमी के दिन दोनों समुदायों के धार्मिक आयोजनों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। धार जिले में 8 हजार से अधिक पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात किए जाएंगे, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।
भोजशाला परिसर की सुरक्षा को लेकर इंदौर रेंज के आईजी अनुराग और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की आईजी नीलू भट्टाचार्य समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया। पूरे परिसर को छह सेक्टरों में बांटा गया है और 300 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा शहरभर में 700 सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी।
आईजी अनुराग के अनुसार, ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। एआई सिस्टम के माध्यम से यह भी पता चलेगा कि भीड़ किस दिशा में बढ़ रही है। प्रशासन ने अनुभवी अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई है, जो पहले ऐसी संवेदनशील परिस्थितियों को संभाल चुके हैं।
