GARHWA
गढ़वा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। मोबाइल पर घूस मांगने के आरोप में भंडरिया अंचल कार्यालय के राजस्व उप निरीक्षक शिवपत राम को निलंबित कर दिया गया है।
यह कार्रवाई 3 फरवरी 2026 को आयोजित जनता दरबार में मिली एक लिखित शिकायत और कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर की गई। शिकायत में आरोप था कि मौजा जनेवा, खाता संख्या 111, प्लॉट संख्या 863, रकबा 4.28 एकड़ भूमि से जुड़े जांच प्रतिवेदन भेजने के एवज में ₹10,000 की अवैध मांग की गई थी।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दिनेश यादव के निर्देश पर अपर समाहर्ता राज महेश्वरम ने मामले की जांच की। जांच प्रतिवेदन में आरोपों की पुष्टि हुई। संबंधित अधिकारी ने अपने स्पष्टीकरण में राशि मांगने की बात स्वीकार की, जिसे सरकारी सेवक आचरण नियमावली के विरुद्ध पाया गया।
झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के नियम 9(1) के तहत शिवपत राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय अंचल कार्यालय खरौंधी निर्धारित किया गया है, जहां उन्हें नियमित उपस्थिति दर्ज करनी होगी। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
साथ ही, भंडरिया अंचल अधिकारी को निर्देश दिया गया है कि आरोप पत्र गठित कर विभागीय कार्रवाई शीघ्र शुरू करें। उपायुक्त दिनेश यादव ने कहा है कि जिला प्रशासन भ्रष्टाचार के मामलों में शून्य सहिष्णुता की नीति पर काम कर रहा है। आम लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अवैध मांग या अनियमितता की सूचना निडर होकर प्रशासन को दें।
