LPG Crisis…तो इसलिए आपकी गैस डिलीवरी हो रही लेट, बुकिंग के बाद बार-बार कॉल बना मुसीबत

सप्लाई कम और मांग ज्यादा, त्योहारों में बढ़ी उपभोक्ताओं की परेशानी

RANCHI

गैस सिलिंडर की किल्लत के बीच अब उपभोक्ताओं के लिए एक अहम जानकारी सामने आई है। गैस एजेंसियों ने साफ किया है कि बुकिंग के बाद बार-बार कॉल करना ही डिलीवरी में देरी की बड़ी वजह बन रहा है। ऐसे में उपभोक्ताओं को संयम रखने की सलाह दी गई है।

एजेंसियों के अनुसार, यदि किसी उपभोक्ता ने अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से गैस बुकिंग के लिए कॉल कर लिया है और उसे 24 घंटे का इंतजार करने को कहा गया है, तो उसे बार-बार कॉल करने से बचना चाहिए। बार-बार कॉल करने से सिस्टम में रिक्वेस्ट दोबारा अपडेट हो जाती है, जिससे डिलीवरी प्रक्रिया और पीछे खिसक जाती है।

एजेंसी संचालकों का कहना है कि एक बार बुकिंग हो जाने के बाद उपभोक्ताओं को अपनी बारी का इंतजार करना चाहिए। जब उनका नंबर आएगा, तो डीएससी (डिलीवरी) नंबर उनके मोबाइल पर मैसेज के जरिए भेजा जाएगा। इसके बाद ही गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी संभव हो पाएगी।

सप्लाई कम, मांग ज्यादा

मौजूदा स्थिति में गैस की भारी कमी देखी जा रही है। एजेंसियों के मुताबिक, हर एजेंसी के पास करीब 4 से 5 हजार बुकिंग लंबित हैं, और यह संख्या रोजाना लगभग 5 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है। वहीं, प्रतिदिन सिर्फ 500 से 550 सिलिंडर की ही आपूर्ति हो पा रही है, जिससे असंतुलन लगातार बढ़ता जा रहा है।

त्योहारों ने बढ़ाई परेशानी

ईद और सरहुल जैसे बड़े त्योहारों के कारण गैस की मांग में तेजी आई है। इस वजह से उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है। कई लोगों का कहना है कि त्योहार के समय भी उन्हें समय पर गैस नहीं मिल पा रही है, जिससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है।

एजेंसियों की अपील

गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बुकिंग के बाद तय 25 दिनों की अनिवार्य अवधि का पालन करें और अपनी बारी का इंतजार करें। जैसे ही उनका नंबर आएगा, उन्हें मैसेज के माध्यम से डीएससी नंबर भेज दिया जाएगा, जिसके बाद सिलिंडर की डिलीवरी उनके घर तक की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *