RANCHI
अरशद अंसारी हत्याकांड को लेकर मंगलवार को मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने धुर्वा थाना परिसर पहुंचकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि उन्होंने थाना को पहले ही आशंका जताते हुए सूचना दी थी, लेकिन पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों का कहना है कि सिठीयो बस्ती में जमीन माफिया और अपराधियों का लगातार जमावड़ा रहता है, जिसकी शिकायतें पहले भी की जा चुकी हैं।
12 घंटे में तौसीफ गिरफ्तार
सोमवार शाम धुर्वा थाना क्षेत्र के सिठीयो बस्ती में अरशद अंसारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अरशद घर के बाहर आग ताप रहा था, तभी बाइक से पहुंचे हथियारबंद अपराधियों ने उसके सिर में गोली दाग दी। परिवार और स्थानीय लोग उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने स्पीड में कार्रवाई करते हुए करीब 12 घंटे के भीतर तौसीफ नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, हत्या में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।
परिजन ने बताए आरोपियों के नाम
मृतक के भाई मो. जिलानी ने बताया कि अरशद पेंट-पुट्टी का काम करता था और किसी भी जमीन विवाद से उसका कोई संबंध नहीं था। जिलानी ने आरोप लगाया कि सिठीयो बस्ती के इबरार, संजय कोहड़ा और तौसीफ ने मिलकर अरशद की हत्या की है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करे और बस्ती में सक्रिय जमीन माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की जाए।
