रांची के खेलगांव में सुपारी किलिंग का खुलासा, प्रेम संबंध से नाराज़ पति समेत 5 गिरफ्तार

4 लाख रुपये में रची गई थी हत्या की साजिश

Ranchi

19 फरवरी 2026 की सुबह करीब 6:45 बजे खेलगांव थाना क्षेत्र के आनंद विहार KP स्कूल के पास एक व्यक्ति का शव मिला था। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। मृतक की पहचान कांटाटोली रजा कॉलोनी निवासी आशिफ अंसारी (पिता- मो. इरफान अली) के रूप में हुई थी। मामले में थाना कांड संख्या 09/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जांच की गई। जांच में पता चला कि मृतक का आनंद विहार निवासी बिउला टोप्पो के साथ पिछले 15-16 साल से प्रेम संबंध था। इस बात से उसका पति जोन्सन मिंज नाराज और परेशान रहता था।

सुपारी देकर कराई हत्या

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जोन्सन मिंज ने अपने मित्र दीपक अग्रवाल के साथ मिलकर आशिफ अंसारी की हत्या की साजिश रची। उसने प्रिंस कुमार को 1.60 लाख रुपये और प्रेम लकड़ा को 2.40 लाख रुपये सुपारी के तौर पर दिए। वहीं दीपक अग्रवाल को भी करीब 4 लाख रुपये दिए गए थे।

पुलिस ने इस मामले में कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

बरामद सामान

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, घटना में इस्तेमाल की गई बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल (नंबर JH03M7698), एक स्कूटी (JH01EZ7517), खून से सना जैकेट, खून लगी मिट्टी और मोबाइल फोन बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में जोन्सन मिंज (35 वर्ष), उसकी पत्नी बिउला टोप्पो (32 वर्ष), दीपक अग्रवाल (36 वर्ष), प्रिंस कुमार (22 वर्ष) और प्रेम लकड़ा (44 वर्ष) शामिल हैं। सभी अलग-अलग जगहों के रहने वाले हैं और रांची में किराये के मकान में रह रहे थे।

इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक सदर संजीव बेसरा, खेलगांव थाना प्रभारी अभिषेक राय सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और जवानों की टीम शामिल थी। पुलिस का कहना है कि हत्या की यह पूरी साजिश प्रेम प्रसंग के कारण रची गई थी। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *