LPG सप्लाई पर प्रशासन सख्त, 25 दिन पहले सिलेंडर बुकिंग की अपील; कालाबाजारी पर एक्शन की चेतावनी

होली के बाद गैस सप्लाई की समीक्षा, उपभोक्ताओं को 25 दिन पहले सिलेंडर बुकिंग की सलाह

on



RANCHI

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर रांची में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत की अध्यक्षता में ऑनलाइन माध्यम से हुई, जिसमें IOCL, HPCL, BPCL के क्षेत्रीय प्रबंधक (एलपीजी सेल्स), CSC के जिला नोडल अधिकारी तथा रांची जिले की सभी गैस एजेंसियों के प्रोप्राइटर शामिल हुए।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय भी मौजूद थे। हाल के दिनों में विभिन्न स्रोतों से एलपीजी सिलेंडर की कमी से संबंधित खबरों को देखते हुए जिला प्रशासन ने इस पर गंभीरता से संज्ञान लिया है।

होली के कारण आई थी अस्थायी समस्या

बैठक के दौरान IOCL के अधिकारियों ने बताया कि होली पर्व के दौरान सप्लाई चेन में अस्थायी व्यवधान के कारण वितरण प्रभावित हुआ था। हालांकि अब स्थिति सामान्य हो चुकी है और गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है।

उपभोक्ताओं को सलाह दी गई कि वे 14.2 किलोग्राम वाले नियमित सिलेंडर की बुकिंग कम से कम 25 दिन पहले कर लें, ताकि 2-3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जा सके।

छोटे सिलेंडर भी उपलब्ध

बैठक में यह भी बताया गया कि यदि किसी उपभोक्ता का सिलेंडर 25 दिन से पहले समाप्त हो जाता है, तो बिना बुकिंग के 5 किलोग्राम और 2 किलोग्राम के छोटे सिलेंडर गैस एजेंसी से सीधे संपर्क कर प्राप्त किए जा सकते हैं।

अनुमंडल पदाधिकारी ने गैस एजेंसियों से छोटे सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की भी जानकारी ली। एजेंसियों ने बताया कि छोटे सिलेंडरों के लिए अलग से बुकिंग की आवश्यकता नहीं होती है।

प्रचार-प्रसार के निर्देश

प्रशासन ने कंपनियों को निर्देश दिया कि 25 दिन पहले बुकिंग की अनिवार्यता को लेकर SMS, बिलबोर्ड, रेडियो और टेलीविजन जैसे माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके अलावा कंपनियों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने और जरूरत पड़ने पर दोबारा समीक्षा बैठक आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया।

कालाबाजारी पर कड़ी चेतावनी

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन गैस वितरण व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है। यदि कोई गैस एजेंसी या वितरक कालाबाजारी में लिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने सभी रांचीवासियों से अपील की है कि वे समय पर सिलेंडर की बुकिंग करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों या हेल्पलाइन पर दें, ताकि रसोई गैस की उपलब्धता सुचारु रूप से बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *