रांची के सभी अंचलों में जनता दरबार का आयोजन, सैकड़ों मामलों का ऑन दि स्पॉट निष्पादन

2nd December 2025



  • Ranchi

रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर 2 दिसंबर को जिले के सभी अंचलों में व्यापक जनता दरबार आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों से आए सैकड़ों लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। प्रमाण पत्र निर्गमन, पंजी-2 सुधार, राजस्व कार्य, सामाजिक सुरक्षा, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्र, केसीसी और मुआवजा से जुड़ी सेवाओं को त्वरित रूप से उपलब्ध कराया गया।

अधिकारियों ने प्रत्येक अंचल में आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए तत्काल कार्रवाई की। जिला प्रशासन ने बताया कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर से बचाना और सेवाएं सीधे स्थल पर उपलब्ध कराना है।

अंचलवार प्रमुख कार्रवाई

सोनाहातू
जनता दरबार में दिनेश कुमार महतो को आचरण प्रमाण पत्र और मुटुक देवी को पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र जारी किया गया।

अनगड़ा
कई लंबित राजस्व मामलों का निपटारा हुआ। चमरू महतो के पंजी-2 सुधार का मामला निष्पादित हुआ। जीतराम भोगता के भूमि-अर्जन संबंधी मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ी। महाबीर भोगता, मोहम्मद जिब्रिल और महताब आलम के पंजी-2 सुधार पूरे हुए। कृष्णा कुमार साहू, सोमरा उरांव और नरसिंह उरांव को लगान रसीदें निर्गत की गईं।

माण्डर
कालीचरण महतो को शुद्धि पत्र और कैम्बो मौजा के बहादुर सिंह को लगान रसीद जारी की गई।

ईटकी
आवासीय, जाति, आय, सदस्यता प्रमाण पत्र, केसीसी, पंजी-2 सुधार, सामाजिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़े कुल 71 मामलों का निष्पादन किया गया।

राहे
आय, जाति, स्थानीयता, पारिवारिक सदस्यता और राजस्व मामलों से जुड़े कुल 88 आवेदनों का ऑन-दि-स्पॉट निपटारा किया गया।

बेड़ो
राजस्व, प्रमाण पत्र निर्गमन, सामाजिक सुरक्षा और पेंशन से जुड़े कुल 144 मामलों का त्वरित समाधान किया गया।

जनता दरबार: जवाबदेही और पारदर्शिता की दिशा में प्रभावी कदम

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को हर व्यक्ति तक तेज और सुगम तरीके से पहुँचाना है। उन्होंने निर्देश दिया कि हर मंगलवार जनता दरबार का नियमित आयोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।

Ads

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *