जमशेदपुर में सामाजिक सेवा की मिसाल, जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बांटे ठेला रिक्शा
TATA
जमशेदपुर में रमज़ान के मुक़द्दस महीने के दौरान सामाजिक संस्था ह्यूमन वेलफेयर ट्रस्ट ने जरूरतमंदों की मदद के लिए एक सराहनीय पहल की। ट्रस्ट की ओर से ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित सासा इन के पास आयोजित कार्यक्रम में ठेला चलाने वाले मजदूरों के बीच ठेला रिक्शा का वितरण किया गया।
इस पहल का उद्देश्य ऐसे मजदूरों को आत्मनिर्भर बनाना है, जो अब तक किराए पर ठेला लेकर अपना काम करते थे। ठेला रिक्शा मिलने के बाद वे अब अपने व्यवसाय को बेहतर तरीके से चला सकेंगे।
अतिथियों के हाथों लाभुकों को मिला ठेला
7 मई 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ज्योति भविष्य ज्योति ट्रस्ट के नवीन कुमार और अहसीन इंटरनेशनल स्कूल के नासिर खान शामिल हुए।
इसके अलावा मोहम्मद शफी अहमद, काज़ी स्वाद आलम और रिजवान अहमद भी विशेष रूप से कार्यक्रम में मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने जरूरतमंद लाभुकों को ठेला रिक्शा सौंपकर उन्हें बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना लक्ष्य
कार्यक्रम की शुरुआत में ह्यूमन वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष मातिनुल हक अंसारी ने अतिथियों का स्वागत किया।
ट्रस्ट के सचिव मुख्तार आलम खान ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद लोगों को रोजगार का साधन उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर देना ट्रस्ट की प्राथमिकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी इसी तरह के सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल सके।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर मानगो नगर निगम के ब्रांड एम्बेसडर मुख्तार आलम खान, हिंद आईटीआई के निदेशक ताहिर हुसैन, शाहिद परवेज, अयूब अली, आफताब आलम समेत शहर के कई गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट के सचिव मुख्तार आलम खान ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। वहीं नादिर खान ने धन्यवाद ज्ञापन देकर कार्यक्रम का समापन किया।
