लाजपत नगर से कांटाटोली तक पदयात्रा, दीपिका पांडे सिंह बोलीं– विकास को मिलेगी नई रफ्तार
Ranchi
रांची नगर निगम मेयर चुनाव को लेकर प्रत्याशी रमा खलखो ने शनिवार को शहर के विभिन्न इलाकों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान लाजपत नगर, पाही पैलेस, सरईटांड़, मोराबादी, बसंत विहार, हरमू, सामलौंग, प्लाजा चौक, पीस रोड, थरपखना, लोहरा कोचा, जेल रोड, लालपुर चौक, कांटाटोली, खादगढ़ा और रविदास मोहल्ला सहित कई क्षेत्रों में बैठक और पदयात्रा आयोजित की गई।
जनसंवाद के दौरान रमा खलखो ने कहा कि आम लोगों को निगम की नागरिक सुविधाएं सुलभ तरीके से मिलें, इसके लिए योजनाबद्ध कार्य उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निगम से मिलने वाले मूलभूत अधिकारों को जनता के दरवाजे तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि व्यवसायियों और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए निगम में पारदर्शी सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाएगा और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही निगम की योजनाएं समय पर पूरी हों, इसके लिए वार्डवार निगरानी समिति का गठन किया जाएगा।
स्वच्छ और व्यवस्थित राजधानी का विजन
रमा खलखो ने कहा कि आने वाले वर्षों में रांची को देश के स्वच्छ शहरों की सूची में ऊंचा स्थान दिलाना उनकी कार्ययोजना का हिस्सा है। स्वच्छ जल, स्वच्छ वातावरण और बेहतर बुनियादी ढांचा आम जनता का अधिकार है, जिसे सुनिश्चित करने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं।
बसंत विहार हरमू में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने भी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार विकास को प्राथमिकता देती है और राजधानी में कई फ्लाइओवर तथा नई सड़कों के निर्माण की दिशा में कार्य जारी है।
मंत्री ने कहा कि यदि जनता रमा खलखो को नेतृत्व सौंपती है, तो शहर में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में अमूल्य नीरज खलखो, अभिलाष साहू, रवि रोशन तिग्गा, आदित्य विक्रम जायसवाल, उमेश प्रसाद और अंजन खलखो सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
