तसर सिल्क और रेडीमेड गारमेंट सेक्टर से जुड़ेगा औद्योगिक विकास, महिला रोजगार पर रहेगा विशेष फोकस
RANCHI
झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स की महिला उद्यमिता उप समिति की बैठक आज चैम्बर भवन में आयोजित की गई। बैठक में झारखंड रेडीमेड गारमेंट एसोसिएशन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान राज्य के समग्र औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से झारखंड में सिल्क कॉरिडोर विकसित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया।
प्रस्ताव में झारखंड के तसर सिल्क, टेक्सटाइल और रेडीमेड गारमेंट सेक्टर को आधार बनाकर संगठित और मूल्य-वर्धित औद्योगिक विकास की आवश्यकता पर जोर दिया गया। जेआरजीए फाउंडेशन द्वारा प्रस्तुत टेप मॉडल (टाई एंड डाई, एक्सेसरीज, प्रिंटिंग, एम्ब्रोइडरी) को सिल्क कॉरिडोर के क्रियान्वयन का प्रभावी माध्यम बताते हुए इसे झारखंड रेडीमेड गारमेंट एवं टेक्सटाइल पॉलिसी में शामिल करने का सुझाव दिया गया।
चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि झारखंड में सिल्क, टेक्सटाइल और रेडीमेड गारमेंट सेक्टर में अपार संभावनाएं हैं। यह क्षेत्र बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन कर सकता है, विशेषकर महिलाओं और ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में इसकी अहम भूमिका होगी।
बैठक में जेआरजीए फाउंडेशन के अध्यक्ष अमिताभ श्रीवास्तव, सचिन उत्तम राय और एडवाइजर सुजीत कुमार ने प्रस्ताव के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी। चैम्बर के सह सचिव नवजोत अलंग ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार के सहयोग से यह पहल झारखंड को टेक्सटाइल और सिल्क आधारित औद्योगिक विकास में नई पहचान दिलाएगी।
बैठक में चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, सह सचिव नवजोत अलंग, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, उप समिति चेयरपर्सन आस्था किरण, जेआरजीए के सुजीत कुमार, उत्तम राय और सदस्य श्रवण कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
