New Delhi/Ranchi
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी का एक सोशल मीडिया पोस्ट राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस पोस्ट में वे दिल्ली स्थित झारखंड भवन में बीजेपी की वरिष्ठ नेता और कोडरमा से विधायक, पूर्व मंत्री नीरा यादव से शिष्टाचार मुलाकात करते नजर आ रहे हैं।
डॉ इरफान अंसारी ने पोस्ट में लिखा कि राजनीति और रणनीति अपनी जगह है, लेकिन मधुर रिश्ते उससे कहीं ऊपर होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नीरा यादव से उनका आत्मीय संबंध पहले भी था, आज भी है और आगे भी बना रहेगा।
मुलाकात के दौरान मंत्री ने नीरा यादव की नन्हीं बेटी से भी स्नेहपूर्वक मुलाकात की और उसे आशीर्वाद दिया। पोस्ट में इस भावनात्मक पल का भी जिक्र किया गया है।
राजनीतिक मतभेदों के दौर में सत्ताधारी दल के मंत्री और विपक्षी दल की विधायक के बीच हुई इस मुलाकात को शिष्टाचार और आपसी सम्मान के उदाहरण के तौर पर देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से साझा की जा रही है और इसे राजनीति से इतर मानवीय रिश्तों का संकेत बताया जा रहा है।
