PANKI
पलामू जिले के पांकी में आयोजित महाशिवरात्रि मेले के दौरान गोलगप्पा खाने से 50 से अधिक बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों में उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
सभी बच्चों को पांकी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया। प्राथमिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पांकी विधायक Dr. Shashi Bhushan Mehta के जिला प्रतिनिधि प्रकाश मेहता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से बच्चों की स्थिति की जानकारी ली और समुचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान समाजसेवी सुनील गुप्ता भी अस्पताल में मौजूद रहे और परिजनों को ढांढस बंधाया। स्वास्थ्य केंद्र प्रबंधन के अनुसार सभी बच्चों की स्थिति अब नियंत्रण में है और लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने मेले में लगे खाद्य स्टॉलों की जांच के संकेत दिए हैं ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो।
