विधानसभा की रजत जयंती पर बोले सीएम हेमंत सोरेन– झारखंड की आत्मा और संघर्ष का नाम है बाबा शिबू सोरेन

Ranchi

झारखंड विधानसभा परिसर में आयोजित 25वीं वर्षगांठ (रजत जयंती) समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों, सांसदों, विधानसभा अध्यक्ष और कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड का गठन लंबे संघर्ष, बलिदान और आदिवासी-मूलवासी समाज की अमिट भूमिका का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि 25 वर्षों का यह सफर कई ऐतिहासिक अनुभवों से भरा रहा है और हाल ही में सरकार, उच्च न्यायालय तथा अब विधानसभा द्वारा रजत जयंती कार्यक्रमों का आयोजन राज्य के विकास की निरंतरता का प्रतीक है।

झारखंड की आत्मा थे बाबा शिबू सोरेन” – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने भावुक शब्दों में कहा कि झारखंड आंदोलन के पुरोधा दिशोम गुरु शिबू सोरेन का न रहना पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने कहा—“बाबा शिबू सोरेन ने अपना संपूर्ण जीवन राज्य की अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान के लिए समर्पित किया। उनके नेतृत्व में झारखंड आंदोलन जनांदोलन बना और इसी से राज्य के गठन का मार्ग प्रशस्त हुआ। वे हमेशा झारखंड की आत्मा, संघर्ष और स्वाभिमान के प्रतीक बने रहेंगे।”

सेवा का अधिकार और पारदर्शी प्रशासन हमारी प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के बाद गरीबी, शिक्षण स्तर और सामाजिक न्याय के क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कहा कि सेवा का अधिकार जैसे कार्यक्रम शासन को जनता के द्वार तक ले जा रहे हैं। लक्ष्य है कि हर गांव और क्षेत्र में पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन सुनिश्चित किया जा सके, ताकि लोग अपने संवैधानिक अधिकारों और सुविधाओं का सहज लाभ प्राप्त करें।

शहीदों, सुरक्षा बलों, खिलाड़ियों, छात्रों और साहित्यकारों का सम्मान

कार्यक्रम में उत्कृष्ट विधायक के रूप में चयनित राज सिन्हा को मुख्यमंत्री ने बधाई दी और कहा कि यह सम्मान सदन की गरिमा और जनप्रतिनिधि की निष्ठा को दर्शाता है।
समारोह में राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने—

• नक्सल अभियान और सीमा पर शहीद हुए पुलिस कर्मियों और सैनिकों
• उत्कृष्ट कार्य करने वाले विधानसभा कर्मियों
• राज्य के खिलाड़ियों, छात्रों, साहित्यकारों और पूर्व विधायकों

को स्मृति-चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित किया।

उड़ान” के 99वें और 100वें अंक सहित कई प्रकाशनों का लोकार्पण

समारोह में विधायक जीवन परिचय ग्रंथ, “सदन संवाद” पुस्तक तथा विधानसभा की मासिक पत्रिका उड़ान के 99वें और 100वें अंक का संयुक्त लोकार्पण किया गया।

कई गणमान्य रहे उपस्थित

समारोह में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचेतक प्रतिपक्ष नवीन जायसवाल, उत्कृष्ट विधायक राज सिन्हा, प्रभारी सचिव माणिकलाल हेंब्रम समेत बड़ी संख्या में मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Ads Jharkhand Ads Jharkhand

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *