JDU का बड़ा दांव: निशांत कुमार को राज्यसभा भेजने की तैयारी, हरिवंश की सीट पर जायेंगे

नीतीश के बेटे की सक्रिय राजनीति में दस्तक, बिहार की पांच सीटों पर बढ़ी सियासी हलचल

PATNA 

बिहार की सियासत में बड़ा घटनाक्रम सामने आ रहा है। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का जदयू से राज्यसभा जाना लगभग तय माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि वे हरिवंश नारायण सिंह की जगह उच्च सदन में भेजे जाएंगे, जिनका कार्यकाल पूरा हो चुका है।

बिहार में राज्यसभा की कुल पांच सीटों पर चुनाव होने हैं। इनमें से दो-दो सीटों पर भाजपा और जदयू की जीत तय मानी जा रही है। ऐसे में जदयू अपने कोटे से निशांत कुमार को उम्मीदवार बना सकती है। साथ ही यह भी चर्चा है कि रामनाथ ठाकुर को एक बार फिर राज्यसभा भेजा जा सकता है।

निशांत कुमार के राजनीति में आने की अटकलें काफी समय से चल रही थीं। होली से ठीक पहले कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार ने सार्वजनिक तौर पर संकेत दिया था कि निशांत की सक्रिय राजनीति में एंट्री जल्द होगी। उन्होंने कहा था कि लंबे समय से नौजवान उनके राजनीति में आने की मांग कर रहे हैं और उनकी इच्छा जल्द पूरी हो सकती है।

बिहार से जिन सांसदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें रामनाथ ठाकुर और हरिवंश नारायण सिंह के अलावा उपेंद्र कुशवाहा, प्रेमचंद्र गुप्ता और अमरेंद्रधारी सिंह शामिल हैं। ऐसे में अगर निशांत कुमार जदयू के कोटे से राज्यसभा पहुंचते हैं तो इसे उनकी राजनीतिक पारी की बड़ी शुरुआत माना जाएगा।

इधर प्रमुख विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल ने भी राज्यसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी नेतृत्व की बैठक में यह फैसला लिया गया। हालांकि विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए राजद के लिए सीट निकालना आसान नहीं माना जा रहा है।

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि छह मार्च है। ऐसे में आने वाले दिनों में उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा के साथ बिहार की सियासत और तेज होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *