RANCHI
राजधानी रांची के एदलहातू इलाके में पुलिस की तत्परता से मॉब लिंचिंग की बड़ी घटना टल गई। बच्चा चोरी के शक में उग्र भीड़ ने महिला समेत तीन लोगों को घेरकर पिटाई शुरू कर दी थी।
जानकारी के मुताबिक, तीनों एक रोते हुए बच्चे को ऑटो से ले जा रहे थे। इसी दौरान इलाके में यह अफवाह फैल गई कि बच्चे का अपहरण किया जा रहा है। देखते ही देखते स्थानीय लोग जुट गए और तीनों को पकड़कर मारपीट करने लगे।
सूचना मिलते ही बरियातू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय पर हस्तक्षेप नहीं होता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
बरियातू थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि फिलहाल तीनों को भीड़ से बचा लिया गया है। उन पर लगे आरोपों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और कानून अपने हाथ में न लें।
