Chapra (Bihar)
सारण जिले में पुलिस और रेस्क्यू टीम ने शनिवार को आर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों पर संयुक्त छापेमारी करके 9 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया और 2 आर्केस्ट्रा कर्मियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में एक बालक भी निरुद्ध किया गया।
इस छापेमारी में सुधराई गई लड़कियों में दो नेपाल, दो पश्चिम बंगाल, दो उत्तर प्रदेश, एक बिहार और दो झारखंड की नाबालिग शामिल हैं, जो जबरन प्रताड़ित कर नृत्य करवाए जाने और संभावित यौन शोषण के आरोप से बचाई गईं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि मानवाधिकार आयोग के पत्र और आवाज़ दो मुहिम के निर्देश पर मढ़ौरा, मकेर, जनता बाजार, सहाजितपुर, बनियापुर व मशरक थाना क्षेत्रों में घेराबंदी कर ये छापेमारी की गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बैरिया निवासी आदित्य कुमार और तरवारा निवासी विजय कुमार शामिल हैं। मुक्त कराई गई लड़कियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें बालिका गृह भेजा जाएगा और उनके परिजनों से संपर्क कर घर लौटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इन आर्केस्ट्रा समूहों में नाबालिगों को प्रताड़ित कर नृत्य करवाने के साथ यौन शोषण भी किया जाता था, और इसी प्रकार की कार्रवाई अप्रैल 2024 के बाद से जारी है, जिसमें अब तक कई नाबालिगों को बचाया जा चुका है।
कार्यवाही के तहत महिला थानाध्यक्ष, मिशन मुक्ति फाउंडेशन, रेस्क्यू फाउंडेशन (दिल्ली), नारायणी सेवा संस्थान सहित विभिन्न टीमें शामिल रहीं और अभियान को सफल बनाया गया।
