मेयर रेस में रमा खलखो के लिए मंत्री दीपिका और शिल्पी एक्टिव, नामकुम और हटिया में अभियान ने पकड़ी रफ्तार

 

RANCHI

रांची नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मेयर पद की उम्मीदवार रमा खलखो के समर्थन में राज्य की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और शिल्पी नेहा तिर्की ने जनसंपर्क अभियान की कमान संभाल ली है।

नामकुम क्षेत्र में आयोजित संगठनात्मक बैठक में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कार्यकर्ताओं, माताओं, बहनों और युवाओं से संवाद करते हुए घर-घर पहुंचकर विकास का संदेश देने का आह्वान किया। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और हर मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल एक पद का नहीं, बल्कि रांची के भविष्य की दिशा तय करने वाला चुनाव है।

मंत्री ने भरोसा जताया कि जनता के समर्थन और कार्यकर्ताओं की मेहनत से रमा खलखो भारी मतों से जीत दर्ज करेंगी और शहर के विकास का नया अध्याय शुरू होगा।

वहीं दूसरी ओर, हटिया के सुलंकी चौक पर आयोजित सभा में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने भी रमा खलखो के पक्ष में प्रचार किया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव राजनीतिक या धार्मिक मुद्दों से ऊपर उठकर एक साफ-सुथरे, व्यवस्थित और विकसित रांची के निर्माण का चुनाव है।

मंत्री शिल्पी ने कहा कि रमा खलखो संघर्षशील पृष्ठभूमि से आती हैं और शहर के विकास का अनुभव रखती हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि ऐसे उम्मीदवार को चुनें जो सभी पार्षदों और अधिकारियों के साथ तालमेल बनाकर काम कर सके और रांची की तस्वीर बदल सके।

सभा में बेलस तिर्की, ऋषिकेश सिंह, एडवोकेट अमृत सिंह, आरिफ खान, निकोदिन टूटी, बबलू शुक्ला और ज्योतिष कुजूर उर्फ मोगो सहित कई कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। नगर निकाय चुनाव की तारीख नजदीक आते ही रांची में चुनावी गतिविधियां और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *