किराना दुकान से चलता था जालसाजी का धंधा: 57 तरह के दस्तावेज जब्त, आरोपी गिरफ्तार
PATNA
बिहार के किशनगंज जिले में फर्जी दस्तावेज बनाने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा हुआ है। किशनंज के टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में पुलिस की छापेमारी के दौरान 400 अलग-अलग नामों पर बने आधार कार्ड और 57 प्रकार के दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
इस कार्रवाई में पुलिस ने मुख्य आरोपी मनोहर कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर किराना दुकान की आड़ में इस पूरे फर्जीवाड़े को अंजाम दे रहा था।
किराना दुकान से चल रहा था फर्जीवाड़े का खेल
पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने दुकान में अवैध तरीके से विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र और पहचान दस्तावेज तैयार करता था। छापेमारी के दौरान लैपटॉप, मॉनिटर, थंब स्कैनर, फिंगरप्रिंट स्कैनर, मोबाइल फोन, पासबुक, एटीएम कार्ड, राशन कार्ड, जाति, आय, निवास और जन्म प्रमाण पत्र समेत बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की गई।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी फर्जी मोहर और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर अलग-अलग लोगों के नाम से प्रमाण पत्र तैयार करता था और फिर आधार नामांकन प्रणाली में उन्हें अपलोड कर अवैध तरीके से आधार कार्ड बनाता था।
कई राज्यों तक फैला नेटवर्क, जांच जारी
किशनगंज पुलिस के अनुसार, यह गिरोह सीमांचल क्षेत्र तक सीमित नहीं था, बल्कि इसका नेटवर्क प बंगाल और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है।
फर्जी आधार कार्ड बनाने की सूचना मिलने के बाद विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई, जिसमें साइबर इकाई और आसूचना इकाई की भी मदद ली गई।
छापेमारी तेरहागछ के बलुआजगीर इलाके में की गई, जहां किराना दुकान में ही पूरा नेटवर्क संचालित हो रहा था।
फिलहाल पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले के तार और भी बड़े नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं, जिसकी गहन जांच जारी है।
