Jamshedpur
झारखंड के जमशेदपुर में शादी समारोह के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है। एमजीएम थाना क्षेत्र के मलियंता गांव में रसगुल्ला खाते समय 41 वर्षीय ललित सिंह की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रसगुल्ला उनके गले में फंस गया, जिससे उन्हें सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी और उनकी हालत तेजी से बिगड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ललित सिंह शुक्रवार देर रात गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। समारोह के दौरान वह रसगुल्ला खा रहे थे और इसी बीच परिवार के लोगों से बातचीत भी कर रहे थे। अचानक रसगुल्ला उनके गले में अटक गया, जिसके बाद उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी।
मौके पर मौजूद लोगों ने उनके गले से रसगुल्ला निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एमजीएम अस्पताल के डॉक्टर रोहित झा ने बताया कि रसगुल्ला गले में फंस जाने के कारण व्यक्ति को सांस लेने में दिक्कत हुई, जिससे उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शरीर में मौजूद एपिग्लॉटिस ग्रंथि सामान्य स्थिति में भोजन को सांस की नली में जाने से रोकती है। लेकिन अगर कोई व्यक्ति खाते समय बात कर रहा हो, हंस रहा हो या नशे की हालत में हो, तो यह प्रक्रिया बाधित हो सकती है और भोजन का टुकड़ा सांस की नली में फंस सकता है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि भोजन करते समय बातचीत, हंसी-मजाक या जल्दबाजी से बचना चाहिए, क्योंकि इससे भोजन के सांस की नली में फंसने का खतरा बढ़ जाता है।
