RANCHI: लालपुर में कहासुनी के बाद जानलेवा हमला, बुजुर्ग की मौत; 3 आरोपी गिरफ्तार

टहलने निकले व्यक्ति से कहासुनी के बाद हमला, अस्पताल में तोड़ा दम

RANCHI

राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोवर वर्द्धमान कम्पाउंड धोबी घाट के पास मारपीट की एक घटना में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 31 जनवरी 2026 की रात करीब आठ बजे मधेश्वर सिंह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान मोहल्ले के ही रहने वाले मुन्ना कच्छप के पुत्र अमन कच्छप और अनिकेत कच्छप से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों ने मधेश्वर सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट के दौरान मुन्ना कच्छप ने भी अपने बेटों का साथ दिया, जिससे मधेश्वर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही अचेत होकर गिर पड़े। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के संबंध में लालपुर थाना कांड संख्या 21/26 दिनांक 01.02.26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छापामारी टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने अमन कच्छप उर्फ अमन उरांव, अनिकेत कच्छप और मुन्ना कच्छप, तीनों निवासी लोवर वर्द्धमान कम्पाउंड झीपा कोचा टोला, थाना लालपुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *