देशभर से लाई गई थीं बेटियां, कई जिलों में छापेमारी कर संचालक गिरफ्तार
PATNA
बिहार में आर्केस्ट्रा अड्डों पर चल रहे अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने राज्यव्यापी अभियान चलाते हुए 18 नाबालिग समेत कुल 27 लड़कियों को मुक्त कराया है। ये लड़कियां उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, नागालैंड और झारखंड सहित कई राज्यों से लाई गई थीं।
Bihar के सारण जिले में शनिवार को पुलिस और रेस्क्यू टीम ने संयुक्त छापेमारी कर नौ लड़कियों को मुक्त कराया, जिनमें चार नाबालिग थीं। कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर महिला थाना की टीम ने मकेर, इसुआपुर, मशरक और अमनौर थाना क्षेत्रों में की। मौके से दो आर्केस्ट्रा कर्मियों को गिरफ्तार किया गया।
इसी तरह पूर्वी चंपारण के कोटवा और संग्रामपुर थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर नौ नाबालिग समेत 13 लड़कियों को मुक्त कराया गया। इस कार्रवाई में चार संचालकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने चाइल्ड प्रोटेक्शन यूनिट और मिशन मुक्ति फाउंडेशन की टीम के साथ मिलकर अभियान चलाया।
वहीं सिवान जिले में विशेष अभियान के तहत जीबी नगर थाना क्षेत्र में संचालित आर्केस्ट्रा स्थलों पर दबिश देकर पांच नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया। ये लड़कियां पश्चिम बंगाल, बिहार और नागालैंड की बताई जा रही हैं।
मुक्त कराई गई सभी लड़कियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उन्हें अस्थायी रूप से बालिका गृह भेजा गया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मानव तस्करी और नाबालिगों के शोषण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
