मधेपुरा में पोल्ट्री फार्म पर गिरी बिजली, 4000 मुर्गे जले; लोन से शुरू किया था कारोबार


Madhepura


जिले में शुक्रवार रात आए आंधी-तूफान और वज्रपात ने भारी तबाही मचाई। सदर थाना क्षेत्र के सुखासन गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक पोल्ट्री फार्म में भीषण आग लग गई, जिसमें करीब 4000 छोटे-बड़े मुर्गे जलकर खाक हो गए।
आग इतनी तेजी से फैली कि फार्म में रखा सारा सामान भी पूरी तरह जल गया। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था।
आसपास के घरों में भी नुकसान
घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आसपास के दर्जनों घरों के इलेक्ट्रॉनिक सामान भी खराब हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार फ्रिज, पंखा, टीवी, मोबाइल चार्जर और इनवर्टर तक जल गए, जिससे पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।
लाखों का नुकसान, मुआवजे की मांग
पोल्ट्री फार्म के मालिक नीरज कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने समूह के लोन से एक-दो साल पहले यह व्यवसाय शुरू किया था। इस हादसे में उनका करीब 5 से 6 लाख रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि पूरे इलाके में लगभग 15 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
प्रशासन को दी गई सूचना
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने घटना की जानकारी प्रशासन को दे दी है और पीड़ितों के लिए मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा से हुए इस भारी नुकसान की भरपाई के लिए सरकार से तत्काल राहत मिलनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *