किडनी ट्रांसप्लांट के बाद मोतियाबिंद का इलाज, डॉक्टरों की निगरानी में हैं RJD नेता लालू यादव



Patna

राजद सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बाईं आंख के मोतियाबिंद का ऑपरेशन शनिवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में सफलतापूर्वक किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, सुबह किए गए इस ऑपरेशन में किसी तरह की जटिलता नहीं आई और प्रक्रिया पूरी तरह सफल रही। सर्जरी के दौरान उनकी बेटी और पाटलिपुत्र से लोकसभा सांसद मीसा भारती भी अस्पताल में मौजूद रहीं।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद लालू यादव की स्थिति स्थिर है और उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। चिकित्सकों का कहना है कि कुछ दिनों के आराम और नियमित देखभाल के बाद उनकी आंखों की रोशनी में सुधार आने की संभावना है। इस खबर के बाद राजद नेताओं और समर्थकों ने राहत जताई है और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

गौरतलब है कि लालू यादव लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझते रहे हैं। दिसंबर 2022 में सिंगापुर में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था, जिसमें उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने किडनी दान की थी। इसके बाद से वे नियमित रूप से दिल्ली में मेडिकल फॉलोअप और इलाज कराते रहे हैं।

किडनी प्रत्यारोपण के अलावा उन्हें हृदय, ब्लड शुगर और उम्र से जुड़ी अन्य बीमारियों की भी शिकायत रही है। इन्हीं कारणों से वे सक्रिय राजनीति से कुछ दूरी बनाए हुए हैं, हालांकि अहम राजनीतिक फैसलों और रणनीति में उनकी भूमिका बनी रहती है। पार्टी नेताओं का कहना है कि डॉक्टरों की सलाह के अनुसार इलाज और आराम से उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *