कोडरमा में JMM को मिला OBC चेहरा, पूर्व जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता पार्टी में शामिल; CM हेमंत सोरेन रहे मौजूद

KODERMA

कोडरमा में आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झामुमो की सभा और सदस्यता ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस दौरान पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने झामुमो का दामन थामा। 2024 के विधानसभा चुनाव में तीसरे स्थान पर रहने वाली शालिनी गुप्ता के पार्टी में शामिल होने से स्थानीय राजनीति में झामुमो की पकड़ मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है। बता दें शालिनी गुप्ता ने साल 2024 के विधानसभा चुनाव में कोडरमा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था और तीसरे स्थान पर रहीं थी। उन्हें कुल 69,537 वोट मिले थे। वहीं, डॉ. नीरा यादव ने राजद के सुभाष प्रसाद को मात्र 5,815 मतों के अंतर से हराया था।

ऐसे में कहा जाता रहा था कि यदि शालिनी गुप्ता चुनाव मैदान में नहीं होतीं, तो राजद से सुभाष प्रसाद के विधायक बनने की संभावना पूरी हो जाती। गौरतलब है कि शालिनी गुप्ता ने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा का दामन थामा था और 2019 के विधानसभा चुनाव में कोडरमा सीट से टिकट की दावेदारी की थी। हालांकि भाजपा ने दूसरी बार भी डॉ. नीरा यादव पर भरोसा जताते हुए उन्हें ही प्रत्याशी बनाया।

इसके बाद शालिनी गुप्ता ने आजसू पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा और तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में आजसू के एनडीए गठबंधन में शामिल होने के कारण शालिनी गुप्ता ने कोडरमा विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा। चुनाव परिणामों पर नजर डालें तो शालिनी गुप्ता न केवल भाजपा के वोटरों को अपनी ओर आकर्षित करने में सफल रहीं, बल्कि राजद के वोट बैंक में भी सेंध लगाने में कामयाब रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *