Karav Gandhi Kidnapping Case Breakthrough
Jamshedpur
कैरव गांधी अपहरण कांड में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिहार के कुख्यात “सिंह साहब गिरोह” से जुड़े छह अपराधियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया गया है। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में तीन अपराधी पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
छह आरोपियों की गिरफ्तारी, संलिप्तता स्वीकार
पुलिस द्वारा की गई लगातार छापेमारी के क्रम में बिहार पुलिस के सहयोग से गया, पटना और नालंदा जिलों से
- गुड्डू सिंह
- उपेंद्र सिंह
- अर्जुन सिंह उर्फ आर्यन
- मो. इमरान आलम उर्फ आमिर
- रमीज राजा
- मोहन कुमार प्रसाद
को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने कैरव गांधी अपहरण कांड में अपनी-अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद सभी को विधिवत गिरफ्तार कर स्वीकारोक्ति बयान दर्ज किया गया।
हथियार बरामदगी के दौरान मुठभेड़
पूछताछ के दौरान आरोपी गुड्डू सिंह, मो. इमरान और रमीज राजा ने बताया कि अपहरण के दौरान प्रयुक्त हथियार और गोलियां पुलिस चेकिंग से बचने के लिए सर्किट हाउस–साईं मंदिर रोड स्थित पेट्रोल पंप के आगे नाले के पास झाड़ियों में फेंक दी गई थीं।
इस सूचना पर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी बिष्टुपुर आलोक कुमार दुबे के नेतृत्व में एक टीम गठित कर तीनों आरोपियों को लेकर तलाशी अभियान चलाया गया। आरोपियों की निशानदेही पर सफेद प्लास्टिक कैरी बैग से
- 02 देशी कट्टा
- .315 बोर की 04 गोलियां
बरामद की गईं।
इसी दौरान लौटते समय अपराधियों ने टीम में शामिल आरक्षी हरिपद महतो से सरकारी कार्बाइन छीन ली। आरोपी मो. इमरान ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और तीनों भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में न्यूनतम बल का प्रयोग करते हुए कुल पांच राउंड फायरिंग की, जिसमें तीनों अपराधियों के पैर में गोली लगी। छीना गया सरकारी हथियार सुरक्षित बरामद कर लिया गया। घायल अपराधियों को तत्काल एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर में भर्ती कराया गया है।
अपहरण की पूरी वारदात
दिनांक 13 जनवरी 2026 को कैरव गांधी (उम्र 24 वर्ष), पिता देवांग गांधी, निवासी सीएच एरिया, थाना बिष्टुपुर, जिला पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर का अज्ञात अपराधियों द्वारा अपहरण कर लिया गया था। इस संबंध में बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 05/2026, दिनांक 13.01.2026, धारा 140(1), 140(2) BNS-2023 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में पांच विशेष अनुसंधान एवं छापामारी दल गठित किए गए। टीमों ने पेशेवर तरीके से सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच की और विभिन्न राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित किया।
दबाव बढ़ा तो अपहृत को छोड़कर भागे अपराधी
जांच के दौरान सूचना मिली कि पुलिस दबाव के कारण अपहरणकर्ता कैरव गांधी को वाहन बदल-बदल कर अन्य स्थान पर ले जाने की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने संभावित मार्गों पर घेराबंदी की। बढ़ते दबाव के कारण अपहरणकर्ता चोपारण–बरही के बीच जीटी रोड पर कैरव गांधी को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कैरव गांधी को सकुशल बरामद किया और परिजनों के आग्रह पर सुरक्षित आवास तक पहुंचाया।
जब्त सामान
- 02 देशी कट्टा
- .315 बोर की 04 गोलियां
- घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो (BR-01-PB-1062, परिवर्तित नंबर JH-12A-4499)
- मोबाइल फोन एवं अन्य सामग्री
