झारखंड उत्पाद सिपाही परीक्षा 2023 का रिज़ल्ट जारी, 1.48 लाख अभ्यर्थी लिखित परीक्षा के लिए क्वालीफाई

29th November 2025


RANCHI

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा 2023 का परिणाम जारी कर दिया है। शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) में सफल 1,48,054 अभ्यर्थियों की पंजीयन संख्या आयोग ने सार्वजनिक कर दी है, जबकि 84 अभ्यर्थियों का परिणाम फिलहाल लंबित रखा गया है।

यह वही परीक्षा है, जो PET के दौरान कई अभ्यर्थियों के बेहोश होने और दो की मौत के बाद सुर्खियों में आई थी। आयोग ने 22 अगस्त से 20 सितंबर 2024 के बीच राज्यभर के विभिन्न केंद्रों पर PET आयोजित किया था। आयोग द्वारा जारी सूची अभ्यर्थी उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

आयोग ने घोषणा की है कि सफल अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा आगामी 90 दिनों के भीतर आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही सूची पर आपत्ति या सुझाव दर्ज कराने के लिए 12 दिसंबर 2025 तक लिखित आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद मिलने वाले किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।

583 पदों पर होगी भर्ती
उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग में उत्पाद सिपाही के 583 पदों पर बहाली की प्रक्रिया जून 2023 में शुरू हुई थी। इन पदों में 237 अनारक्षित, 148 एसटी, 57 एससी, 50 ओबीसी-1, 32 ओबीसी-2 और 59 ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए निर्धारित हैं।

चयन प्रक्रिया तीन चरणों—PET, लिखित परीक्षा और मेडिकल टेस्ट—में पूरी होगी। PET केवल क्वालीफाइंग है और इसके अंक मेरिट में शामिल नहीं होंगे।

लिखित परीक्षा का पैटर्न

  • लिखित परीक्षा OMR शीट पर तीन पेपर में होगी।
  • हर पेपर 2 घंटे का होगा।
  • प्रत्येक प्रश्न 3 अंक का, गलत उत्तर पर 1 अंक की कटौती।

पेपर–1 : भाषा

  • हिंदी : 80 प्रश्न
  • अंग्रेजी : 40 प्रश्न
  • कुल 120 प्रश्न
  • न्यूनतम 30% अंक अनिवार्य

पेपर–2 : क्षेत्रीय/जनजातीय भाषा

  • न्यूनतम 30% अंक आवश्यक

पेपर–3 : सामान्य अध्ययन

  • सामान्य अध्ययन : 40 प्रश्न
  • झारखंड से संबंधित प्रश्न : 50
  • सामान्य विज्ञान : 20
  • सामान्य ज्ञान : 10
  • कुल 120 प्रश्न
  • न्यूनतम 30% अंक जरूरी

अभ्यर्थी अब अगले चरण—लिखित परीक्षा—की तैयारी में जुट गए हैं, जिसके माध्यम से अंतिम चयन की दिशा तय होगी।

Ads

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *