RANCHI
सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (JSSC-CGL) 2023 के कथित पेपर लीक मामले में मुख्य आरोपी अनीश कुमार को CID ने बिहार के पटना से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की प्रक्रिया चल रही है।
CID को लंबे समय से अनीश की तलाश थी। जांच एजेंसी उसे पेपर लीक कांड का मुख्य मास्टरमाइंड मान रही है। इस मामले में अब तक एक दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें कुछ सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं। संभावना जताई जा रही है कि CID अनीश को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर सकती है, जिससे मामले की कई अहम कड़ियां सामने आ सकती हैं।
इसी मामले में दिसंबर में झारखंड हाईकोर्ट ने CBI जांच की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया था। अदालत ने राज्य सरकार, JSSC, सफल और असफल अभ्यर्थियों की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रखा था और बाद में CBI जांच से इनकार करते हुए नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का आदेश दिया था।
हाईकोर्ट ने JSSC को रिजल्ट जारी कर नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया था। हालांकि, नेपाल में रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहे 10 छात्रों के परीक्षा परिणाम पर रोक लगाने का आदेश भी दिया गया था।
गौरतलब है कि CGL की पहली परीक्षा 28 जनवरी 2023 को हुई थी, जिसे पेपर लीक की शिकायत के बाद रद्द कर दिया गया था। इसके बाद सितंबर 2024 में दोबारा परीक्षा आयोजित की गई थी। दोबारा परीक्षा के बाद भी गड़बड़ी की शिकायत सामने आई, जिसके बाद राज्य सरकार ने CID जांच का निर्देश दिया था।
अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस बहुचर्चित मामले में जांच तेज होने की संभावना है, वहीं हाईकोर्ट के आदेश के बाद सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति का रास्ता पहले ही साफ हो चुका है।
