chabua
असम विधानसभा चुनाव के तहत चबुआ सीट पर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में विधायक कल्पना सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) प्रत्याशी भूबेन मुरारी के पक्ष में जनसंपर्क अभियान चलाते हुए मतदाताओं से समर्थन की अपील की।
चुनावी अभियान के दौरान कल्पना सोरेन ने चबुआ विधानसभा क्षेत्र के चाय बागानों का दौरा किया, जहां उन्होंने मजदूरों से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने मजदूरों की समस्याओं को करीब से समझने की कोशिश की और उनके सामाजिक एवं आर्थिक हालात की जानकारी ली।
जोबा माझी भी रहीं साथ, सुनीं जमीनी समस्याएं
इस मौके पर जोबा माझी भी मौजूद रहीं। दोनों नेताओं ने चाय बागान में कार्यरत श्रमिकों से बातचीत कर उनके जीवन स्तर, रोजगार की स्थिति और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। मजदूरों ने भी अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखीं।
JMM ने मांगा समर्थन, स्थानीय मुद्दों पर जोर
जनसंपर्क अभियान के दौरान नेताओं ने लोगों से JMM प्रत्याशी को समर्थन देने की अपील की और भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा। पार्टी की ओर से स्थानीय मुद्दों रोजगार, मजदूरी और बुनियादी सुविधाओं को चुनावी एजेंडा बनाया गया है।
चुनावी माहौल के बीच इस तरह का सीधा संवाद JMM के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे पार्टी क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
