Lohardaga
झारखंड में नगर निकाय चुनाव की घोषणा के साथ ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रत्याशी चयन को लेकर सभी दलों में मंथन का दौर जारी है। इसी बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने लोहरदगा नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए बड़ा और स्पष्ट दांव चलते हुए अपने समर्थित उम्मीदवार की घोषणा कर दी है।
झामुमो लोहरदगा जिला समिति की ओर से जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने राजा बंगला निवासी, स्वर्गीय मोहर लोहरा के पुत्र एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता बालमुकुंद लोहरा को नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए पार्टी समर्थित उम्मीदवार घोषित किया। इस घोषणा के साथ ही लोहरदगा की सियासी फिजा पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गई है।
जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने कहा कि झामुमो ने पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ बालमुकुंद लोहरा को समर्थन देने का फैसला लिया है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतर चुके हैं और बालमुकुंद लोहरा की जीत सुनिश्चित है।
उन्होंने कहा कि बालमुकुंद लोहरा जमीन से जुड़े नेता हैं और समाज के हर वर्ग में उनकी मजबूत पकड़ है। उनके पिता स्वर्गीय मोहर लोहरा के सामाजिक योगदान को आज भी लोग सम्मान के साथ याद करते हैं, और उसी विरासत को आगे बढ़ाने का काम बालमुकुंद लोहरा कर रहे हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, उम्मीदवार की घोषणा के बाद नगर परिषद क्षेत्र में झामुमो कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। जगह-जगह बैठकों, जनसंपर्क अभियानों और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने का सिलसिला शुरू हो गया है। झामुमो के इस कदम को लोहरदगा नगर परिषद चुनाव में राजनीतिक समीकरण बदलने वाला माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें अन्य दलों की रणनीति और उम्मीदवारों की घोषणा पर टिकी हैं।
