नेपाल में सैफ अंडर-19 चैंपियनशिप के फाइनल में बांग्लादेश को 4-0 से हराकर टीम इंडिया बनी चैंपियन
Ranchi/Kanke (Chardi)
नेपाल में आयोजित सैफ अंडर-19 चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 4-0 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत में झारखंड की बेटी दिव्यानी लिंडा की अहम भूमिका रही, जिन्होंने टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य और देश का मान बढ़ाया।
दिव्यानी लिंडा स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब, कांके-चरदी से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुँची हैं। यह क्लब सीमित संसाधनों के बीच बच्चों को निशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराता है। संघर्षपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद दिव्यानी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
दिव्यानी का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। बचपन में उनके पिता का निधन हो गया था। उनकी मां मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं, जबकि उनका भाई पिछले तीन वर्षों से बीमार है। कठिन हालातों के बावजूद दिव्यानी ने हार नहीं मानी और देश को गोल्ड मेडल दिलाकर पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया।
इस उपलब्धि पर कोच अनवरूल हक उर्फ बबलू, समाजसेवी जगदीश सिंह जग्गू, वेटरन ऑर्गेनाइजेशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष मुकेश कुमार, सचिव एम.पी. सिंहा, कोषाध्यक्ष जोगेंद्र प्रसाद, प्रवक्ता संजीव सिंह, रश्मि तिर्की, 22 पड़ाह अध्यक्ष बाबूलाल महली, डॉ. शहनवाज कुरैशी, आसिफ नईम, रविंद्र महतो, नुरुल हक, अबू रेहान, शरीफ अंसारी, एकरामुल अंसारी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और खेलप्रेमियों ने बधाई दी है।
