झारखंड के 19 अफसरों को मिलेगा IAS में प्रमोशन, UPSC को भेजी गई 57 अफसरों की सूची

RANCHI

झारखंड राज्य प्रशासनिक सेवा के 19 अफसरों को IAS संवर्ग में प्रोन्नति मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से 57 अधिकारियों के नामों की सूची यूपीएससी को भेज दी गई है। नियमानुसार, एक पद के विरुद्ध तीन नाम भेजने का प्रावधान है, उसी के तहत यह सूची तैयार की गई है।

जानकारी के मुताबिक, ये प्रोन्नतियां 2024 की रिक्तियों के विरुद्ध की जानी हैं। यूपीएससी को भेजी गई सूची में झारखंड के 39वें और 40वें बीपीएससी बैच के अफसर शामिल हैं, जिनमें 39वें बैच के आठ अधिकारी भी हैं।

इससे पहले 38वें बीपीएससी बैच के पांच अफसरों को IAS संवर्ग में प्रोन्नति मिल चुकी है। अब यूपीएससी द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय IAS में प्रोन्नति से संबंधित अधिसूचना जारी करेगा।

उल्लेखनीय है कि झारखंड राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी IAS में प्रोन्नति के मामले में कई अन्य राज्यों से पीछे चल रहे हैं। गुजरात, केरल, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और हिमाचल प्रदेश में संबंधित अफसरों को फरवरी से मई के बीच ही IAS संवर्ग में प्रोन्नति मिल चुकी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *