काला-बिल्ला विवाद पर कार्रवाई, 7 दिनों में मांगा गया लिखित स्पष्टीकरण
RANCHI
रांची स्थित Jharkhand Police Mens Association (जेपीएमए) के केंद्रीय कार्यालय ने बड़ा फैसला लेते हुए रांची शाखा के सचिव संजय कुमार पासवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई 28 फरवरी 2026 को केंद्रीय पदाधिकारियों की सर्वसम्मत बैठक में लिए गए निर्णय के बाद की गई।
जारी पत्र के अनुसार सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी मिली थी कि झारखंड उच्च न्यायालय के अधिवक्ता मनोज टंडन और डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद के बीच विवाद के मामले में काला-बिल्ला लगाकर विरोध करने का आह्वान किया गया। आरोप है कि गृह रक्षक वाहिनी के पुलिसकर्मियों को भी काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी पर भेजा जा रहा था।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि नियमों के अनुसार काला-बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन का निर्णय राज्य प्रतिनिधि सभा के स्तर पर लिया जाता है, न कि किसी व्यक्तिगत पदाधिकारी द्वारा। पत्र में कहा गया है कि व्यक्तिगत निर्णय लेकर पुलिसकर्मियों को दिग्भ्रमित करना संगठन के अनुशासन के खिलाफ है और इससे संगठन की छवि पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
महामंत्री रमेश उरांव और प्रांतीय अध्यक्ष कर्ण कुमार सिंह के हस्ताक्षर से जारी आदेश में संजय कुमार पासवान को सात दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। तय समय सीमा में जवाब नहीं मिलने पर आगे की कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई है।
एसोसिएशन ने कहा है कि इस घटनाक्रम से मीडिया, सरकार और न्यायालय के समक्ष संगठन की छवि प्रभावित हुई है तथा सदस्यों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई है।
