RANCHI
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति और आपदा प्रबंधन विभाग की अनुदान मांगों पर जवाब देते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है और आने वाले वर्षों में झारखंड स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति करेगा।
मंत्री ने बताया कि पिछले 25 वर्षों में राज्य में केवल 9 मेडिकल कॉलेज थे, लेकिन अब सरकार एक वर्ष के भीतर 8 नए मेडिकल कॉलेज शुरू करने की दिशा में काम कर रही है। पहले चरण में जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद और खूंटी में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में गोड्डा, साहिबगंज और सरायकेला में भी मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि रांची के ब्राम्बे में एक मेडिकल यूनिवर्सिटी की स्थापना की जाएगी ताकि डॉक्टरों की कमी दूर की जा सके और मेडिकल शिक्षा को बेहतर बनाया जा सके। इसके अलावा इटकी में रिम्स-2 बनाने की योजना है, जिसे एशिया के सबसे बड़े अस्पतालों में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण में इसमें 1400 बेड होंगे, जिसे दूसरे चरण में बढ़ाकर 2600 बेड तक किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य में मेडिको सिटी स्थापित करने की भी योजना है, जिस पर लगभग 3871 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाने की आवश्यकता कम होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2029 तक झारखंड को थैलेसीमिया मुक्त बनाना है। इसके लिए कई अस्पतालों में बोन मैरो ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू की जाएगी और सभी मेडिकल कॉलेजों में पेट स्कैन मशीन लगाने की योजना है। इसके साथ ही एमजीएम जमशेदपुर, धनबाद और रांची सदर अस्पताल में कैथ लैब भी शुरू की जाएगी।
राज्य में सभी मेडिकल कॉलेजों और सदर अस्पतालों में एमआरआई और सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इसके अलावा पूरे राज्य में 25 हाईटेक ट्रॉमा सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती होगी।
महिलाओं के लिए विशेष सुविधा देते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य की सभी गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड की सुविधा मुफ्त दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में पहले चरण में 750 अबुआ दवा स्टोर खोले जाएंगे, जहां लोगों को सस्ती दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी मिलेगी।
इसके अलावा राज्य में 237 नई हाईटेक एंबुलेंस खरीदी जाएंगी, जो लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम से लैस होंगी। इन एंबुलेंस के लिए कॉल सेंटर दुमका और जामताड़ा में बनाया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए विभाग में 7500 एएनएम और जीएनएम की बहाली भी जल्द की जाएगी।
खाद्य आपूर्ति विभाग पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि किसानों को धान का वन टाइम भुगतान किया जा रहा है और गरीबों के लिए 10 रुपये में धोती, साड़ी और लुंगी देने की योजना भी लागू है।
