झारखंड में बेटियों की सुरक्षा की ऐतिहासिक शुरुआत
RANCHI
झारखंड सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा राज्यस्तरीय HPV टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि यह अभियान राज्य की बेटियों को भविष्य में होने वाले गंभीर और जानलेवा सर्वाइकल कैंसर से बचाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने स्पष्ट कहा, “कोई भी बेटी पैसे के कारण इस टीके से वंचित नहीं रहेगी।”
मंत्री ने बताया कि गर्भाशय ग्रीवा कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में शामिल है और भारत में दूसरा सबसे अधिक पाया जाने वाला कैंसर है। Indian Council of Medical Research (ICMR) के राष्ट्रीय कैंसर रजिस्ट्री कार्यक्रम के अनुसार वर्ष 2022 में देश में इस बीमारी के 79 हजार से अधिक नए मामले और 34 हजार से अधिक मौतें दर्ज की गईं।
उन्होंने बताया कि Gardasil-4 HPV वैक्सीन वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है और यह Human Papillomavirus के प्रकार 6, 11, 16 और 18 से सुरक्षा प्रदान करती है। विशेष रूप से HPV 16 और 18 लगभग 77 प्रतिशत सर्वाइकल कैंसर मामलों के लिए जिम्मेदार होते हैं।
यह टीका 14 वर्ष आयु की सभी पात्र बालिकाओं को चयनित सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों — सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल और सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल — के माध्यम से लगाया जाएगा। अभियान पहले तीन माह विशेष ड्राइव के रूप में चलेगा, इसके बाद इसे नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।
डॉ. अंसारी ने बताया कि निजी अस्पतालों में HPV टीके की एक खुराक की कीमत लगभग 4000 रुपये है, जो कई परिवारों के लिए महंगी है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने यह टीका पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि उपचार से बेहतर रोकथाम है और यह अभियान कैंसर की रोकथाम की दिशा में बड़ा कदम है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, सिविल सर्जन और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
