Ranchi/Bermo
दामोदर बचाओ अभियान के अगुवा गुलाब चंद्र प्रजापति को रांची स्थित ऑड्रे हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने “झारखंड ग्रीन एंबेसडर अवार्ड” से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों के लिए दिया गया।
मौका था “CMS VATAVARAN रांची ट्रैवलिंग फिल्म फेस्टिवल” के उद्घाटन समारोह का। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि “Roots & Renewal: Indigenous Knowledge, Youth Voices, Planetary Stewardship” जैसे विषय आज के समय में बेहद प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि अपनी जड़ों से जुड़े बिना पृथ्वी के भविष्य को सुरक्षित नहीं रखा जा सकता और पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप देना समय की मांग है।
राज्यपाल ने कहा कि फिल्में केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि समाज को दिशा देने की क्षमता भी रखती हैं। दृश्य माध्यम का प्रभाव गहरा और स्थायी होता है। जब पर्यावरण जैसे गंभीर विषयों को संवेदनशील और रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया जाता है, तो वह समाज की सोच और व्यवहार पर असर डालता है।
उन्होंने झारखंड की जनजातीय जीवन शैली का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की परंपराएं प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व का जीवंत उदाहरण हैं। जैव विविधता की रक्षा यहां की सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा रही है। ऐसे पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण और दस्तावेजीकरण की आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उससे सीख सकें।
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है। राज्य का बड़ा हिस्सा वनाच्छादित है, जो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही खनिज संपदा राज्य की अर्थव्यवस्था का आधार है। ऐसे में विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। सतत विकास इसी संतुलन की अवधारणा पर आधारित है।
उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए Mission LiFE – Lifestyle for Environment का जिक्र करते हुए कहा कि हर नागरिक को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार जीवनशैली अपनानी चाहिए। “एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य” का संदेश भारत की सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने आयोजकों, सहयोगी संस्थानों और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि यह फिल्म फेस्टिवल पर्यावरण जागरूकता को नई दिशा देगा।
