लंदन में प्रवासी झारखंडियों से CM हेमंत का संवाद, नर्सों-केयरगिवर्स व घरेलू कर्मियों की गरिमा-सुरक्षा का भरोसा

London/Ranchi


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लंदन प्रवास के दौरान यूनाइटेड किंगडम में रोजगार कर रहे झारखंड-मूल के नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान नर्सों, केयरगिवर्स, घरेलू कर्मियों और सेवा क्षेत्र से जुड़े कामगारों ने विदेशों में काम करने से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि वर्षों से यूके में रहने के बावजूद झारखंड से उनका भावनात्मक, सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव आज भी बना हुआ है।

संवाद के दौरान कामगारों ने विदेशों में रोजगार के दौरान आने वाली चुनौतियों, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के सामने रखा। मुख्यमंत्री ने सभी की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और कहा कि केंद्र सरकार द्वारा विदेशों में कार्यरत भारतीय कामगारों के लिए बनाए गए कानूनों और प्रावधानों का झारखंड सरकार अध्ययन करेगी, ताकि राज्य के भीतर की तरह विदेशों में भी झारखंड-मूल के लोगों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।

मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि यूके में कार्यरत झारखंड के कामगारों के कल्याण से जुड़े विषयों पर भारत के राजदूत से बातचीत की गई है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार विदेशों में कार्यरत झारखंड-मूल के नागरिकों की गरिमा, सुरक्षा और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। रोजगार ऐसा होना चाहिए जो सम्मान, सुरक्षा और बेहतर अवसर प्रदान करे।

हेमंत सोरेन ने कहा कि विदेशों में कार्यरत झारखंड के नर्स, केयरगिवर्स और अर्ध-कुशल कामगार राज्य की पहचान को वैश्विक स्तर पर मजबूती देते हैं। यह योगदान झारखंड के मूल्यों और संस्कारों को दुनिया तक पहुंचाता है।

इस संवाद में रेनू लाकड़ा, अंजू लाकड़ा, सिस्टर ज्योति, फुलकारी एक्का, मार्था टोप्पो, मैरी खाखा, कॉसमोस कुजूर, तारा तिर्की, सरोज टोप्पो, प्लेसिडियस टोप्पो, एलिज़ाबेथ कुजूर, विजय कुजूर और जैसिंटा कुजूर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *