RANCHI
खाड़ी क्षेत्र में बढ़े युद्ध तनाव के बीच दुबई में फंसे झारखंड के एक नवविवाहित दंपति आखिरकार सकुशल रांची लौट आए। रांची निवासी SAIL अधिकारी अतुल उरांव और उनकी पत्नी डॉ. कंचन बाड़ा हनीमून के लिए दुबई गए थे, लेकिन अचानक बढ़े क्षेत्रीय तनाव और लगातार फ्लाइट रद्द होने के कारण करीब एक सप्ताह तक वहीं फंसे रहे। आज सुबह रांची के भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचने पर परिजनों और शुभचिंतकों ने फूलमालाओं से उनका भावभीना स्वागत किया।
विवाह के पांच दिन बाद हनीमून के लिए गए थे दुबई
जानकारी के अनुसार 22 फरवरी 2026 को रांची में आदिवासी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अतुल उरांव और डॉ. कंचन बाड़ा का विवाह संपन्न हुआ था। विवाह के महज पांच दिन बाद, 27 फरवरी को दोनों अपनी पहली संयुक्त यात्रा पर दुबई रवाना हुए थे। उनकी वापसी 4 मार्च को तय थी, लेकिन मध्यपूर्व में अचानक बढ़े तनाव ने उनकी यात्रा योजना को बदल दिया।
बार-बार फ्लाइट रद्द होने से बढ़ी परेशानी
अतुल उरांव ने बताया कि दुबई से भारत लौटने की कई कोशिशें की गईं, लेकिन हर बार अंतिम समय में फ्लाइट कैंसिल हो जाती थी। लगातार रद्द हो रही उड़ानों के कारण स्थिति बेहद अनिश्चित और चिंताजनक हो गई थी। अंततः 8 मार्च को उन्होंने करीब 1.12 लाख रुपये का महंगा टिकट लेकर मुंबई के लिए उड़ान भरी।
मुंबई और हैदराबाद होते हुए पहुंचे रांची
दुबई से मुंबई पहुंचने के बाद दंपति हैदराबाद के रास्ते आज सुबह रांची पहुंचे। अतुल उरांव ने कहा कि “भारत की जमीन पर कदम रखते ही बेहद राहत महसूस हुई।”
परिजनों और मित्रों में खुशी की लहर
नवदंपति की सुरक्षित वापसी की खबर मिलते ही उनके परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। एक सप्ताह तक चिंता में डूबे परिजनों के लिए यह खबर राहत भरी रही। एयरपोर्ट पर पहुंचते ही परिजनों ने दोनों का फूलमालाओं से स्वागत किया और सुरक्षित वापसी पर खुशी जताई।
महंगे हवाई किराए पर उठे सवाल
दंपति के रिश्तेदार और सामाजिक कार्यकर्ता अनिल अमिताभ पन्ना ने उनकी सुरक्षित वापसी पर राहत व्यक्त करते हुए संकट के समय बढ़े हवाई किराए पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में यात्रियों से अत्यधिक कीमत वसूलना गंभीर मुद्दा है और ऐसी स्थिति में सरकार तथा संबंधित एजेंसियों को हस्तक्षेप करना चाहिए, ताकि संकट में फंसे नागरिकों को अनावश्यक आर्थिक बोझ न उठाना पड़े।
