हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक, 40 प्रस्तावों को मंजूरी; डालटनगंज स्टेशन का नाम होगा मेदिनीनगर

RANCHI


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई झारखंड कैबिनेट की बैठक में गुरुवार को कुल 40 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में शिक्षा, आधारभूत संरचना और प्रशासनिक मामलों से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए।

कैबिनेट के निर्णय के अनुसार अब मानकी मुंडा छात्रवृत्ति योजना का लाभ झारखंड में स्थित अन्य तकनीकी महाविद्यालयों की छात्राओं को भी मिलेगा। पहले यह सुविधा केवल झारखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों की छात्राओं तक सीमित थी। सरकार के इस निर्णय से अधिक छात्राओं को तकनीकी शिक्षा के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा रांची वूमेनस कॉलेज परिसर में प्रस्तावित 528 बेड वाले छात्रावास के निर्माण स्थल में भी बदलाव किया गया है। अब यह छात्रावास मोरहाबादी स्थित कल्याण परिषद परिसर में बनाया जाएगा, जिससे छात्राओं को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने का उद्देश्य है।

कैबिनेट ने एक अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए पलामू जिले के डालटनगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर मेदिनीनगर करने के निर्णय पर स्वीकृति प्रदान की। केंद्र सरकार से सहमति मिलने के बाद राज्य सरकार ने नाम परिवर्तन से संबंधित प्रस्ताव को औपचारिक मंजूरी दे दी है।

राज्य सरकार का कहना है कि इन फैसलों से शिक्षा, बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *