डॉ रज़ी अहमद की हिंदी पुस्तक ‘पलामू किले का रहस्य’ का विमोचन, राजेश जैश ने की सराहना


Ranchi

रांची के बेस्टसेलिंग लेखक और मणिपाल अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर डॉ रज़ी अहमद की पहली हिंदी और कुल छठी पुस्तक पलामू किले का रहस्य का विमोचन प्रसिद्ध अभिनेता राजेश जैश ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह सुखद है कि अब झारखंड की कहानियां नेशनल और इंटरनेशनल स्तर पर पहचान बना रही हैं और लोग यहां की संस्कृति व इतिहास को समझने लगे हैं।

कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष शंभु नाथ चौधरी, डॉ सना अंजुम हक, डॉ मंजुला सिन्हा, डॉ विकास कुमार, डॉ राहुल रॉय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कुंदन कुमार चौधरी ने किया।

‘पलामू किले का रहस्य’ दरअसल डॉ रज़ी अहमद की वर्ष 2019 में प्रकाशित अंग्रेजी पुस्तक ‘The Secret of the Palamu Fort’ का हिंदी अनुवाद है। यह पारलौकिक जासूसी उपन्यास झारखंड स्थित ऐतिहासिक पलामू किले की रहस्यमय पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें अतीत के चेरो वंश, एक रहस्यमय हत्या और जासूस रॉबिन होरो की जांच की कहानी बुनी गई है।

डॉ रज़ी अहमद अब तक पांच पुस्तकें लिख चुके हैं, जिनकी खासियत यह है कि उनकी सभी कहानियां झारखंड के स्थानों और स्थानीय किरदारों पर आधारित होती हैं। हाल ही में प्रकाशित उनकी दो बच्चों की फंतासी और स्पेस साइंस पर आधारित पुस्तकों का वितरण देश के बड़े प्रकाशक पेंगुइन द्वारा किया गया है।

‘पलामू किले का रहस्य’ को अंग्रेजी में जबरदस्त सफलता मिली थी और शुरुआती दो हफ्तों में ही इसकी पांच हजार से अधिक प्रतियां बिक चुकी थीं। पुस्तक की लोकप्रियता को देखते हुए एक बड़े प्रोडक्शन हाउस ने इसके वेब सीरीज अधिकार भी खरीद लिए हैं। अब हिंदी संस्करण के प्रकाशन से यह कहानी और व्यापक पाठक वर्ग तक पहुंच सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *