JDU : खीरू महतो का सख्त निर्देश: सात दिनों में निकाय चुनाव की सूची प्रदेश मुख्यालय को भेजें

निकाय चुनाव की तैयारी में जुटी जदयू, भ्रष्टाचार और टैक्स बढ़ोतरी के खिलाफ धरना आंदोलन का ऐलान

RANCHI

झारखंड प्रदेश जनता दल (यूनाइटेड) की राज्य कार्यकारिणी की एक दिवसीय बैठक जदयू प्रदेश कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद खीरू महतो ने की। बैठक में निकाय चुनाव मजबूती के साथ लड़ने, संगठन विस्तार और जनहित से जुड़े मुद्दों पर कई अहम प्रस्तावों पर सहमति बनी।

बैठक में विभिन्न निकाय क्षेत्रों में व्याप्त भ्रष्टाचार, होल्डिंग टैक्स और वाटर टैक्स में वृद्धि के विरोध में जिला मुख्यालय और प्रखंड स्तर पर एक दिवसीय धरना देने का निर्णय लिया गया। साथ ही निकाय चुनाव को देखते हुए प्रदेश स्तर पर कोषांग गठन, सदस्यता अभियान को तेज करने और प्रभारी नियुक्त करने पर सहमति बनी।

प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने जिलों में निकाय चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों और निकाय क्षेत्रों की सूची सात दिनों के भीतर प्रदेश मुख्यालय को भेजें। उन्होंने सदस्यता अभियान को गति देने के लिए जिला संगठन प्रभारी के साथ एक अतिरिक्त प्रदेश पदाधिकारी की नियुक्ति की घोषणा की और सभी प्रकोष्ठ अध्यक्षों को अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

खीरू महतो ने कहा कि निकायों में व्याप्त भ्रष्टाचार और जन समस्याओं को लेकर पहले जिला, फिर प्रखंड स्तर पर धरना दिया जाएगा। साथ ही 1 मार्च को पूरे राज्य में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जन्मदिन धूमधाम से मनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विधायक सरयू राय ने राज्य स्तर पर सदस्यता प्रभारी नियुक्त करने और निकाय चुनाव के लिए प्रदेश स्तर पर कोऑर्डिनेशन कमेटी गठन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने पेशा कानून में आंशिक संशोधन की जरूरत बताते हुए सरकार को सुझाव देने की बात कही।

पूर्व मंत्री राजा पीटर ने पेशा कानून पर पार्टी नेतृत्व के रुख का समर्थन करते हुए तमाड़ क्षेत्र में बड़ी संख्या में सदस्यता की संभावना जताई। वहीं पूर्व मंत्री सुधा चौधरी ने कहा कि गठबंधन के कारण चुनाव नहीं लड़ पाईं, लेकिन पलामू प्रमंडल की जन समस्याओं को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।

बैठक का संचालन श्रवण कुमार ने किया। बैठक में विधायक, पूर्व मंत्री, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *