जामताड़ा में गड़बड़ी पर ACTION : बाजार-हाट बंदोबस्ती मामले में DDC समेत 3 पर DC की कार्रवाई की सिफारिश



Ranchi/Jamtara


जामताड़ा के उपायुक्त ने पंचायती राज सचिव को पत्र लिखकर उप-विकास आयुक्त निरंजन कुमार समेत तीन अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की अनुशंसा की है। इस मामले में दीपक कुमार वर्मा और सुबोध चंद्र टुडू के नाम भी शामिल हैं। पूरा विवाद मकर संक्रांति के अवसर पर सैरात यानी मेला, बाजार-हाट बंदोबस्ती में हुई कथित गड़बड़ी से जुड़ा हुआ है।

सैरात बंदोबस्ती में गड़बड़ी का मामला

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 में करमदाहा मेला के लिए नारायणपुर सैराय की बंदोबस्ती की गई थी, जिसमें 95.01 लाख रुपये की बोली लगी थी। सबसे ऊंची बोली लगाने वाले ठेकेदार इलियास अंसारी के साथ नियमानुसार राशि जमा कराए बिना ही एकरारनामा कर लिया गया। यह पूरी प्रक्रिया नियमों के विपरीत बताई जा रही है।

जिला परिषद अध्यक्ष ने उठाए सवाल

जिला परिषद अध्यक्ष राधारानी सोरेन को जब इस गड़बड़ी की जानकारी मिली तो उन्होंने लगातार रिपोर्ट मांगी और प्राथमिकी दर्ज कराने की कोशिश की। हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली। बाद में दबाव बढ़ने पर उप-विकास आयुक्त की ओर से ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई, लेकिन आरोप है कि पूरे मामले को लंबे समय तक दबाकर रखा गया।

DC की रिपोर्ट से बढ़ी हलचल

अब उपायुक्त की ओर से भेजी गई रिपोर्ट के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि गड़बड़ी में शामिल अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। इस अनुशंसा के बाद सरकार के स्तर पर आगे की कार्रवाई को लेकर नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *