Ranchi/New Delhi
भारत मंडपम में आयोजित भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF) में रविवार को झारखंड पवेलियन केंद्र बिंदु बना रहा। इस साल खास आकर्षण बना है रांची स्मार्ट सिटी का हाई-टेक मॉडल, जिसे देखने के लिए लगातार भीड़ उमड़ रही है। आधुनिक शहरी योजना, नागरिक-केंद्रित विकास और भविष्य को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई तकनीकों ने इस मॉडल को मेले में सबसे अलग पहचान दी है।
झारखंड सरकार ने मेले के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया है कि रांची को नॉलेज हब और टेक्नोलॉजी-ड्रिवन सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से तैयार होगा नया रांची
स्मार्ट सिटी मॉडल के तहत जो सबसे बड़ी झलक सामने आई, वह है 656 एकड़ में विकसित की जा रही ग्रीनफील्ड टाउनशिप। यह टाउनशिप राजधानी परिसर, एयरपोर्ट और हटिया स्टेशन के निकट स्थित है, जो इसे रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण बनाती है।
भविष्य में यही इलाका स्टार्टअप हब, टेक्नोलॉजी सेंटर, इन्वेस्टमेंट ज़ोन और ज्ञान-आधारित इंडस्ट्रीज़ का गढ़ बनने जा रहा है।
37% ग्रीन स्पेस और 24×7 पावर—पूरी तरह फ्यूचर-रेडी शहर
रांची स्मार्ट सिटी को ऐसा शहर बनाया जा रहा है, जहां
- 37% ज़मीन सिर्फ ओपन और ग्रीन स्पेस के लिए सुरक्षित होगी।
- गैस-इंसुलेटेड सबस्टेशन आधारित 24×7 पावर सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी।
- शहर को मजबूत जल आपूर्ति नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है।
- 16 MLD क्षमता वाले एसटीपी से 40% उपचारित जल का नॉन-पोटेबल उपयोग प्रस्तावित है, ताकि वॉटर कंज़र्वेशन और सस्टेनेबल मैनेजमेंट सुनिश्चित हो सके।
- अंडरग्राउंड वायरिंग, यूटिलिटी डक्ट्स और स्मार्ट शहरी सेवाओं से शहर को क्लीन, सेफ और मॉडर्न अर्बन स्पेस के रूप में तैयार किया जा रहा है।
रांची बन रहा है एजुकेशन और स्किल डेवलपमेंट का उभरता केंद्र
रांची स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन के जन संपर्क पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि शहर को व्यवस्थित तरीके से एक ज्ञान-केन्द्रित राजधानी के रूप में विकसित करने का लक्ष्य तय किया गया है।
उन्होंने कहा, “रांची पहले से ही सरकारी संस्थानों, पीएसयू और R&D केंद्रों का हब रहा है। अब इसे ज्ञान-आधारित उद्योगों, तकनीकी शिक्षा और आधुनिक स्किल डेवलपमेंट इकोसिस्टम के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। अगले 5–10 वर्षों में रांची न सिर्फ झारखंड बल्कि पूर्वोत्तर राज्यों के लिए भी एक बड़ा शैक्षणिक व कौशल विकास केंद्र बनकर उभर सकता है।”
IITF 2025 में झारखंड की नई शहरी पहचान
रांची स्मार्ट सिटी मॉडल ने इस वर्ष के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड की नई दिशा और विकास दृष्टि को मजबूती से पेश किया।
उन्नत सुविधाएँ, ग्लोबल स्टैंडर्ड टाउन प्लानिंग, उच्च स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और सतत विकास—ये सभी तत्व पवेलियन को सबसे अलग और प्रभावशाली बना रहे हैं।
इस प्रदर्शन ने साफ कर दिया है कि झारखंड सरकार रांची को सिर्फ एक राजधानी नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी, शिक्षा और आधुनिक शहरी विकास का बड़ा केंद्र बनाना चाहती है।




