CM आवास में दावत-ए-इफ्तार, हेमंत सोरेन बोले- रमज़ान देता है भाईचारा और दया का संदेश


RANCHI


माह-ए-रमज़ान के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया। इस मौके पर विभिन्न धर्मों, समुदायों और वर्गों के गणमान्य अतिथि, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में रोजेदार शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए रमज़ान की मुबारकबाद दी और इसे आपसी सौहार्द, भाईचारे और समरसता का पर्व बताया।

सौहार्द और भाईचारे का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि रमज़ान का पाक महीना त्याग, तपस्या, करुणा और मानव सेवा की प्रेरणा देता है। यह पर्व लोगों को एक-दूसरे के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना बनाए रखने का संदेश देता है। उन्होंने राज्यवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की।

सामूहिक दुआ में शामिल हुए अतिथि

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी धर्मपत्नी कल्पना सोरेन सहित सभी आमंत्रित अतिथियों ने सामूहिक दुआ में हिस्सा लिया। सभी ने राज्य की प्रगति, शांति और आपसी भाईचारे के लिए दुआ मांगी। रोजेदारों ने नमाज अदा कर समाज और देश में अमन-चैन की कामना की।

कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री दीपक बिरुवा, मंत्री चमरा लिंडा, मंत्री संजय प्रसाद यादव, मंत्री डॉ० इरफान अंसारी, मंत्री हफीजूल हसन, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, मंत्री योगेंद्र प्रसाद, मंत्री सुदिव्य कुमार, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधान सभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो सहित विधायकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *