Ranchi
राजधानी रांची में शनिवार देर रात अपराधियों ने एक रेस्टोरेंट में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के कुटियातु चौक के पास स्थित टीटोस फैमली रेस्टोरेंट में हुई। जानकारी के अनुसार दो हथियारबंद बदमाश बाइक से वहां पहुंचे और रेस्टोरेंट के अंदर घुसते ही कई राउंड फायरिंग कर दी।
इस गोलीबारी में रेस्टोरेंट में काम करने वाले कर्मचारी मनीष के पेट में गोली लग गई। घायल हालत में उसे तुरंत राज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मनीष होटल में वेटर के रूप में कार्यरत था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों अपराधी हेलमेट पहने हुए थे और सीधे रेस्टोरेंट के अंदर जाकर छोटू यादव को निशाना बनाते हुए करीब पांच से छह राउंड फायरिंग की। हालांकि छोटू यादव बाल-बाल बच गया, लेकिन पास में खड़े मनीष को गोली लग गई। घटना के बाद रेस्टोरेंट में मौजूद लोग डर के कारण इधर-उधर भागने लगे और इसी दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, रेस्टोरेंट के मालिक राजकुमार गोप हैं, जबकि संचालन की जिम्मेदारी उनके भांजे छोटू यादव संभालते हैं। शुरुआती जांच में मामला रंगदारी से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार 25 दिसंबर को राजकुमार गोप से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। यह कॉल दुबई से प्रिंस खान नामक व्यक्ति द्वारा किए जाने की बात सामने आई थी। पैसे नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
राजकुमार गोप ने इस संबंध में एयरपोर्ट थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि एक अज्ञात नंबर से कॉल और मैसेज के जरिए एक करोड़ रुपये की मांग की गई थी। साथ ही उनके परिचित लोगों को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी पारस राणा सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से कई खोखे भी मिले हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि एक संदिग्ध की पहचान कर ली गई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
