‘10 आलू निकाल दो…’ वीडियो बना आफत, रजौली चेकपोस्ट पर वसूली उजागर; 11 होमगार्ड सस्पेंड




Nawada

बिहार के नवादा जिले के रजौली चेकपोस्ट पर तैनात होमगार्ड जवानों की मनमानी उस वक्त भारी पड़ गई, जब आलू लदे वाहन से जबरन वसूली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले की जांच के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए 11 होमगार्ड जवानों को निलंबित कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के अनुसार, 24 नवंबर की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच रजौली चेकपोस्ट पर तैनात होमगार्ड जवानों ने आलू लदे एक वाहन को रोका। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद जवानों ने वाहन चालक से जबरन आलू की मांग की और उसे आगे बढ़ने से रोककर दबाव बनाया। चालक द्वारा विरोध करने और पूरी घटना का वीडियो बनाने पर उसके साथ धक्का-मुक्की भी की गई।

इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद प्रशासन की किरकिरी हुई। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस निरीक्षक अंचल द्वारा रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली पोस्ट पर जाकर मामले की विस्तृत जांच की गई।

जांच में यह स्पष्ट हुआ कि घटना में शामिल सभी होमगार्ड जवान दोषी हैं और उन्होंने अपने कर्तव्यों का पालन नहीं किया। जांच रिपोर्ट में उनके आचरण को अनुशासनहीन, अमर्यादित और नियमों के प्रतिकूल बताया गया है।

निलंबित किए गए होमगार्ड जवानों में शीतल कुमार, ईश्वरी प्रसाद, जवाहर प्रसाद, कन्हैया कुमार, अतीश कुमार, रघुनंदन प्रसाद, महेश कुमार, रणधीर कुमार, सुधीर कुमार, श्री यादव और मनोज कुमार शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने बिहार गृहरक्षक नियमावली के तहत सभी 11 जवानों को अगले आदेश तक कर्तव्य से वंचित कर दिया है।

जिला प्रशासन ने साफ किया है कि कर्तव्य में लापरवाही, अवैध वसूली और आम नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में ऐसी घटनाओं पर और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *