Ranchi/Oxford
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन यूनाइटेड किंगडम की आगामी आधिकारिक यात्रा के दौरान 23 जनवरी 2026 को विश्वविख्यात ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के ब्लावटनिक स्कूल ऑफ गवर्नमेंट में अपना वक्तव्य देंगे। शाम पांच बजे आयोजित इस सत्र में हेमंत सोरेन “आदिवासी बहुल, संसाधन-समृद्ध राज्य टिकाऊ और हरित औद्योगीकरण, जिम्मेदार खनिज आधारित विनिर्माण और समावेशी, निवेश-आधारित विकास को कैसे आगे बढ़ा सकता है” विषय पर अपनी बात रखेंगे।
इस चर्चा में मुख्यमंत्री के साथ अल्पा शाह, ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में सामाजिक मानवशास्त्र की प्रोफेसर और ऑल सोल्स कॉलेज की फेलो, तथा माया ट्यूडर, ब्लावटनिक स्कूल ऑफ गवर्नमेंट में राजनीति और लोक नीति की प्रोफेसर भी शामिल होंगी। संवाद का केंद्रीय आधार “प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण विकास की दृष्टि” रहेगा, जो झारखंड के विकास मॉडल की वैश्विक प्रस्तुति के रूप में देखा जा रहा है।
ऑक्सफोर्ड जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक मंच से हेमंत सोरेन का यह संबोधन न केवल झारखंड की नीति-दृष्टि को अंतरराष्ट्रीय पहचान देगा, बल्कि हरित विकास, जिम्मेदार खनन और समावेशी निवेश जैसे मुद्दों पर वैश्विक विमर्श को भी मजबूती देगा।
