बजट सत्र का आगाज़ शोक प्रस्ताव से, CM हेमंत सोरेन ने शहीदों, दिवंगतों और हादसों के मृतकों को किया नमन



Ranchi

झारखंड विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत भावुक माहौल में हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मानसून सत्र के बाद से अब तक देशभर में दिवंगत हुईं प्रमुख हस्तियों और विभिन्न हादसों में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सदन में शोक प्रस्ताव पढ़ा गया और दिवंगत आत्माओं को नमन किया गया।

मुख्यमंत्री ने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष शिवराज पाटिल, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी, कांके के पूर्व विधायक रामचंद्र नायक, चंदनकियारी के पूर्व विधायक गौड़ सृजन, शहीद हारुण टोप्णो, साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल, पर्यावरणविद् माधव गाडगिल, शिल्पकार रामस्वीकार जी, प्रो बीपी शरण, नीलांबर-पीतांबर के वंशज रामनंदन सिंह खरवार, बीबीसी के वरिष्ठ पत्रकार मार्क टुली, बंधु सेन, लोक गायक संजय तिवारी तथा झारखंड आंदोलनकारी दुर्ग गड़ाईत को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने हाल के बड़े हादसों में मृतकों को भी श्रद्धांजलि दी। गोवा में भीषण हादसे में 25 लोगों की मौत, जम्मू-कश्मीर के डोडा में सैन्य वाहन के खाई में गिरने से 10 जवानों के शहीद होने, हिमाचल प्रदेश में सड़क दुर्घटना में 14 लोगों की जान जाने, उत्तराखंड के अल्मोड़ा में बस के खाई में गिरने से 7 यात्रियों की मौत तथा लातेहार बस हादसे में 9 लोगों की मृत्यु पर सदन ने गहरी संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी दिवंगत आत्माओं का समाज और देश के प्रति योगदान अविस्मरणीय रहेगा। विधानसभा की कार्यवाही श्रद्धांजलि के साथ शुरू हुई और पूरे सदन ने एकजुट होकर शोक व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *