CM हेमंत सोरेन ने किया झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का शुभारंभ, युवाओं को नई उड़ान देने की बड़ी पहल

24th November 2025


DUMKA
दुमका में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का उद्घाटन किया। 190.647 करोड़ की 12 योजनाओं का लोकार्पण और 123.48 करोड़ की 14 योजनाओं की आधारशिला रखी। 23 लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा—“यह संस्थान राज्य के युवाओं को नई उड़ान देगा और झारखंड विमानन प्रशिक्षण में देश की नई पहचान बनेगा।”

सोरेन ने कहा, राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के साथ झारखंड विकास के नए युग में आगे बढ़ रहा है। संथाल परगना से शुरू हुई विकास की रेखा अब राजधानी रांची तक फैल रही है। फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का शुभारंभ विमानन क्षेत्र में राज्य की नई पहचान बनाने वाला कदम बताया गया। वर्ष 2008 में रखी गई आधारशिला आज वास्तविक रूप में साकार हुई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले चरण में 30 पायलटों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिनमें 15 का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। उन्होंने कहा कि महामारी के दौरान श्रमिकों को हवाई जहाज से सुरक्षित वापस लाने की मानवीय पहल को आगे बढ़ाते हुए, अब उन्हीं परिवारों के बच्चे पायलट और इंजीनियर बनेंगे। यह बदलाव झारखंड की नई उड़ान का संकेत है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण प्रक्रियाओं, सुरक्षा, सिम्युलेटर ट्रेनिंग और फ्लाइट ऑपरेशंस का विस्तृत निरीक्षण किया।

हमारी सरकार जो कहती है, करके दिखाती है

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सशक्तिकरण में सरकार ने मजबूत हस्तक्षेप किया है। उत्कृष्ट विद्यालय स्थापित किए गए हैं। “मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना” के तहत हर साल 25 छात्रों को विदेश भेजने का पूरा खर्च सरकार देती है — यह सरकार की प्रतिबद्धता का स्पष्ट उदाहरण है।

हमारी सरकार हेडक्वार्टर से नहीं, गांवों से चलने वाली सरकार

“सेवा का अधिकार” कार्यक्रम को मुख्यमंत्री ने गांव-केंद्रित शासन की मिसाल बताया। पंचायत स्तर पर अधिकारियों द्वारा शिविर लगाकर जाति, आवासीय, आय प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और पेंशन जैसी सेवाएं दी जा रही हैं। समय सीमा में काम नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

राज्य सरकार किसानों के समाधान को प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने मसलिया–रानेश्वर मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना का निरीक्षण किया और कहा कि यह किसानों की वार्षिक सिंचाई जरूरतों को पूरा कर कृषि उत्पादन और आय में वृद्धि करेगी। कार्यक्रम में 23 लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया, जिनमें मोटर ट्राइसाइकिल, मोटरसाइकिल, मिनी मेडिकल यूनिट, बस, छात्रावास और वित्तीय सहायता शामिल थी। इस अवसर पर सांसद नलिन सोरेन, विधायक बसंत सोरेन, प्रदीप यादव, लुईस मरांडी, आलोक सोरेन, जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सचिव प्रशांत कुमार, फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के निदेशक कैप्टन एस.पी. सिन्हा और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Ads

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *